कोरबा। एसईसीएल दीपका परियोजना में परियोजना के रोडसेल विभाग की चर्चा एक बार फिर अवैध वसूली को लेकर हो रही है। मामला सतर्कता विभाग तक पहुंचने की खबर है। जानकारी के मुताबिक डाटा एंट्री ऑपरेटर जीडी जायसवाल को लेकर यह शिकायत की गई है कि वह दूसरी गाडिय़ों के चालकों को डरा-धमका कर इस प्रकार का काम कर रहा है। शिकायत होने से रोड सेल विभाग में हडकम्प मची हुई है।
दीपका क्षेत्र के निवासी ओमप्रकाश की ओर से एसईसीएल के सतर्कता विभाग की जानकारी में यह बात लाई गई है। कहा गया कि रोडसेल विभाग में डाटा एंट्री ऑपरेटर जीडी जायसवाल यहां आने वाले ट्रक-हाइवा चालकों से अवैध वसूली करने में लगा हुआ है। उसे सामान्य तौर पर पर्ची बाबू के नाम से लोग जानते है। विभाग को बताया गया कि चालक-परिचालकों की गाडिय़ों को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी देकर रुपये की मांग की जाती है। विभाग की जानकारी में यह बात भी लाई गई कि उसके पास एक निजी टेलर अपनी पत्नी के नाम पर है। जिससे वह कथित रूप दूसरे ट्रक लिफ्टरों की गाडिय़ों को रोक कर अपनी गाडिय़ों को पहले एंट्री करता है। दावा किया गया कि उक्त कर्मचारी खुलेआम एचईएमएम फ्लीट और लोडिंग हॉल में आने वाले वाहनों से भी वसूली करता है, जिससे प्रोजेक्ट में कार्यरत कर्मचारी और चालक-परिचालक बेहद परेशान हैं। यह मामला बहुत पहले सतर्कता विभाग के पास जा चुका है लेकिन अब तक इस सिलसिले में कोई हरकत नहीं हुई है। इस पर भी सवाल खड़े हो रहे है।
0 नाम का किया गया दुरूपयोग
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि एसईसीएल के रोडसेल से संबंधित कारनामे को लेकर जिस ओमप्रकाश के नाम से शिकायत ऊपर तक की गई है, उसका कहना है कि उसे तो ऐसा कुछ पता ही नहीं है। हो सकता है कि शिकायत किसी और ने की है और उसके नाम का इस्तेमाल कर लिया है। लेकिन पूरे मामले में मेरी भूमिका नहीं है।








