पांच शक्तिपीठों की अखंड ज्योति की शोभायात्रा, हुए दर्शन

कोरबा, देश में स्थित पांच सिद्ध शक्तिपीठ से लाई गई देवी की अखंड ज्योति की यात्रा शहर में निकाली गई। रास्ते में अनेक स्थान पर यात्रा का लोगों ने स्वागत सत्कार किया और ज्योति के दर्शन किए। धूमधाम से यह यात्रा स्टेशन रोड स्थित सप्तदेव मंदिर पहुंची। रविवार को सुबह यह देवपहरी हिंगलाजगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगी।
मीनाक्षीपुरम, पावागढ़, मैहर, कामाख्या देवी गुवाहाटी और वैष्णो देवी से देवी की अखंड ज्योति लाई गई है। इसी सप्ताह श्रद्धालुओं का समूह अखंड ज्योति देने के लिए सडक़ मार्ग से देश के उपरोक्त स्थान के लिए रवाना हुआ था। अखंड ज्योति के कोरबा पहुंचने पर इन्हें अलग-अलग धार्मिक स्थलों पर रखा गया और नवरात्रि से ठीक पहले उनकी यात्रा निकाली गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति सहित श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। हर तरफ माता का जयघोष हुआ और लोगों ने इसी के साथ दर्शन पूजन किया। सप्तदेव मंदिर पहुंचने पर यही क्रम चला। आयोजन समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि आश्विन नवरात्र पर देवपहरी में हिंगलाजगढ़ में अखंड ज्योति की स्थापना की जाएगी और विधि विधान के साथ इनका पूजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर देवी सिद्धिदात्री सहित इन शक्तिपीठों की ज्योति के दर्शन होंगे। याद रहे गोमुखी सेवा धाम देवपहरी क्षेत्र में हिंगलाजगढ़ का निर्माण कराया गया है जिसे शक्तिसंपन्न क्षेत्र बनाने की कोशिश की जा रही है। योजना यह भी है कि इस नवरात्र पर हिंगलाज देवी के नाम से प्रतीकात्मक ज्योति कलश स्थापित कर उसकी पूजा की जाएगी और भारत के अखंड स्वरूप में आने पर पाकिस्तान के बलूचिस्तान से अखंड ज्योति लाकर यहां स्थापित की जाएगी।