कोरबा, कांग्रेस पार्षदों ने मौजूदा राज्य सरकार द्वारा 400 यूनिट बिजली खपत पर हॉफ बिल देने वाली योजना को रद्द करने पर नाराजगी जताई है। जिसे पिछली सरकार ने शुरू किया था। उन्होंने कहा कि इससे घर का बजट बिगड़ गया है। आगामी दिनों में वे बिजली व अन्य मुद्दों पर सडक़ की लड़ाई लड़ेंगे।
जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में निगम के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ.रामगोपाल कुर्रे, पार्षद मुकेश राठौर, नारायण कुर्रे, सुकसागर निर्मलकर, अनुज जायसवाल, मस्तुल कंवर, अविनाश बंजारे, गीता गभेल, बद्री किरण, पूर्व पार्षद पालुराम साहू शामिल हुए। उन्होंने कई मसलों पर चर्चा की। कृपाराम साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार की बिजली योजना को भाजपा ने रद्द कर दिया। इस योजना को 100 यूनिट पर हॉफ बिजली बिल लगाकर 70 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं को इस योजना से अलग कर दिया गया है।
उप नेता प्रतिपक्ष डॉ.रामगोपाल कुर्रे ने कहा कि सितम्बर माह के बिजली बिल दो गुना हो गया है। इससे गरीब व मध्यम वर्ग पर भार पड़ा है। वहीं नारायण कुर्रे ने महतारी वंदन योजना की सराहना करने के साथ कहा कि बिजली बिल में ज्यादा वसूली करना समझ से परे है। पार्षद मुकेश राठौर ने कहा कि इस वजह से घर का बजट बिगड़ गया है। पार्षद सुखसागर निर्मलकर ने कोरबा में बिजली उत्पादन के कारण होने वाली समस्या के बावजूद बिजली टैरिफ में बढ़ोत्तरी पर हैरानी जताई। सभी पार्षदों ने निगम क्षेत्र अंतर्गत स्ट्रीट लाईट, सफाई व्यवस्था, रोड, नाली निर्माण व जीर्णोद्धार को लेकर रणनीति तैयार किया है आने वाले समय में इन समस्याओं के निराकरण के लिए सडक़ की लड़ाई लडऩे की तैयार हैं।








