कोरबा में 10 दिन तक धूमधाम से मनाया जाएगा शारदीय नवरात्र, गरबा और भक्ति में डूबेगा शहर


कोरबा, शारदीय नवरात्र का पर्व 22 सितंबर से शुरू हो रहा है, जो इस बार विशेष संयोग के कारण 9 की बजाय 10 दिन तक मनाया जाएगा। कोरबा शहर और जिले में मां दुर्गा की भक्ति और गरबा के रंगों से उत्सव की रौनक बिखरेगी। पहले दिन कई पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित होंगी, जबकि पश्चिम बंगाल की परंपरा वाली समितियां षष्ठी को मूर्तियां विराजित करेंगी। नवमी को हवन-पूजन के साथ पर्व का समापन होगा।
हिंदू समाज में उत्साह चरम पर है। गुजराती समाज भवन में 22 सितंबर से नवरात्रि महोत्सव शुरू होगा, जहां घट स्थापना के साथ आकर्षक लाइटिंग और सजावट के बीच रास-गरबा की धूम रहेगी। टीपी नगर के पाटीदार भवन में भी परंपरागत वाद्य यंत्रों के साथ गरबा का आयोजन होगा, जो शहर का प्रमुख आकर्षण बनेगा।
नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने सर्वमंगला मंदिर से कनबेरी नहर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अब ये वाहन सर्वमंगला पुल से राताखार मार्ग से चलेंगे। मंदिर समिति के नन्हा पाण्डेय की पहल पर यह निर्णय लिया गया ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।