ठाड़पखना गांव को अवैध शराब और सामाजिक बुराइयों से मुक्ति दिलाएगी पुलिस, सजग कोरबा अभियान शुरू

कोरबा, ठाड़पखना गांव में अवैध शराब निर्माण और इसके उपयोग से फैल रही सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए पुलिस ने ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया है। सजग कोरबा अभियान के तहत थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया गया। इस दौरान पुलिस ने गांव में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाने का भरोसा दिलाया।
नशामुक्ति कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण शामिल हुए। थाना प्रभारी तिवारी ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नशा अपराध की जड़ है, जो घरेलू हिंसा, विवाद और सामाजिक बुराइयों को जन्म देता है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान महिलाओं और बच्चों को उठाना पड़ता है। ग्रामीण महिलाओं ने अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने की मांग की और बताया कि इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में है।
ग्रामीणों ने थाना प्रभारी का स्वागत करते हुए कठोर कार्रवाई की अपील की। इस पर तिवारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस अवैध शराब कारोबार के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी और शराबबंदी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई करेगी।