कोरबा में गौ तस्करी का खुलासा, ग्रामीणों ने पकड़े ट्रक, तस्करों पर कार्रवाई की मांग

कोरबा। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड के घुंचापुर पंचायत के भुजनकछार गांव में गौ तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक ट्रक (CG 14 MF 1374) को पकड़ा, जिसमें 75 से अधिक गायों को अमानवीय तरीके से ठूँसकर ले जाया जा रहा था। कई गायों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
सरपंच पति शनिच राम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ट्रक को रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। पास के जंगल में भी करीब 75 मवेशी रस्सियों से बंधे मिले, जिन्हें चारा-पानी नहीं मिलने से कई की जान चली गई। ग्रामीणों ने तत्काल प्रशासन को सूचित किया।
पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र कुमार पटेल ने घायल मवेशियों का इलाज शुरू किया, जबकि कोरबी चौकी प्रभारी सुरेश कुमार जोगी ने पुलिस टीम के साथ जांच शुरू की। ग्रामीणों ने एक और ट्रक पकड़ा, जिसमें 33 मवेशी भरे थे।
गुस्साए ग्रामीणों ने गौ तस्करों की तुरंत गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएँ अब बर्दाश्त नहीं होंगी और प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे, वरना भविष्य में ऐसी वारदातें बढ़ सकती हैं।