कोरबा। जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक चरम पर पहुंच गया है। मात्र दो दिनों के भीतर कुत्तों ने 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। सड़क पर चलते, चौराहे पर खड़े या घर के बाहर निकलते ही कुत्ते अचानक झपट्टा मार रहे हैं, जिससे लोगों का बाहर निकलना दूष्कर हो गया है।
स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे घायलों में स्कूल जाते बच्चे और बस स्टैंड पर इंतजार कर रहे यात्री भी शामिल हैं। सहायक चिकित्सा अधिकारी डॉ. युधेश सांडे ने बताया कि सभी 12 घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आवारा कुत्तों से सावधानी बरतने और हमले की स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कुत्तों की संख्या नियंत्रित नहीं की, तो वे स्वयं कार्रवाई करेंगे। कोरबा जिले में पिछले दो महीनों में कुत्ते काटने की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे जनता में भय के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है।








