कोरबा। कोरबा शहर में चोरों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला दर्री रोड का है, जहां चोरों ने एक ठेकेदार के गोदाम की दीवार जेसीबी मशीन से तोड़कर अंदर घुसे और करीब 6 लाख रुपये का कीमती सामान चोरी कर ले गए। गोदाम मालिक इखलाक खान ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
दर्री रोड स्थित इखलाक खान का गोदाम ठेकेदारी कार्य से जुड़े सामानों के भंडारण के लिए इस्तेमाल होता है। शनिवार रात करीब 2 बजे अज्ञात चोरों ने जेसीबी की मदद से बाउंड्रीवॉल तोड़ी और गोदाम में रखी एचडीडी मशीन सहित अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये है।
सुबह जब गोदाम संचालक को घटना का पता चला, तो उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना पहुंचकर लिखित शिकायत की। प्रार्थी ने पुलिस से मांग की है कि चोरी की पतासाजी की जाए और चोरों की पहचान उजागर हो, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








