कोरबा, दीपका पुलिस ने मोटरसाइकिल और SECL की भारी मशीनरी चोरी करने वाले अंतरजिला चोर गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की निशानदेही पर 14 महंगी मोटरसाइकिलें (होंडा, हीरो, टीवीएस आदि ब्रांड) तथा दक्षिण पूर्व कोयला क्षेत्र लिमिटेड (SECL) के 6 रोड रोलर बरामद कर लिए गए। जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपए आंकी गई है।
गिरफ्त में आए आरोपी हैं:
जयसिंह पटेल (कोहडिया)
अनस खान (बस स्टैंड पाली)
शिवचरण (रैनपुर दीपका)
रामप्रसाद रोहिदास (झाबर दीपका)
लालजी यादव (चैनपुर दीपका)
इमरान अंसारी (ज्योति नगर दीपका)
सुनील देवार (पारा बलौदा, जांजगीर)
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना 10 अलग-अलग चोरी के प्रकरणों में नामजद था और लंबे समय से फरार चल रहा था। चोरों ने सोमवारी बाजार, साइलो स्टैंड, एमटीके, हॉस्पिटल और बस स्टैंड सहित दीपका-कुसमुंडा क्षेत्र से लगातार बाइक चोरी की थी। इसके अलावा SECL की खदानों से रोड रोलर भी चुराए गए थे।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में सभी आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने पहले भी क्षेत्र में कई चोरी के गिरोहों को पकड़कर सराहनीय काम किया है।








