कोरबा में दो दिवसीय कब-बुलबुल उत्सव संपन्न, 200 बच्चों ने पहली बार लिया आवासीय शिविर का आनंद


कोरबा, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स कोरबा जिला इकाई द्वारा छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल, झाबर (दीपका) में दो दिवसीय कब-बुलबुल उत्सव का सफल आयोजन किया गया। इस उत्सव में लगभग 200 कब-बुलबुल (प्राइमरी स्तर के स्काउट-गाइड) बच्चों ने पहली बार किसी आवासीय शिविर में भाग लिया और “कोशिश करो” के सिद्धांत को आत्मसात किया।
शिविर में बच्चों को ध्वज शिष्टाचार, बड़ी सलामी, विशाल गर्जना, टोली विभाजन, कलरव, लाल फूल, बुलबुल ग्रीटिंग, जंगल बुक तथा पक्षियों के गीत आदि की व्यवहारिक ट्रेनिंग दी गई।
ग्रैंड कैंप फायर के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सह जिला आयुक्त (स्काउट्स) ताम्रेश्वर उपाध्याय ने कहा कि कब-बुलबुल उत्सव बच्चों को खेल-खेल में अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और आपसी सहयोग की शिक्षा देता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख ने की।
विशिष्ट अतिथियों में जिला आयुक्त डॉ. फरहाना अली, मनोरा लकड़ा, अक्षय दुबे, गनेशी सोनकर एवं उत्तरा मानिकपुरी उपस्थित रहे। समापन एवं प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के मुख्य अतिथि नगर निरीक्षक दीपका प्रेमचंद साहू रहे।
बच्चों में उत्साह और अनुशासन का बेहतरीन संगम देखने को मिला तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।