अमरैयापारा में नवविवाहिता की रहस्यमयी मौत, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कोरबा।मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत अमरैयापारा स्थित झा गली में शनिवार सुबह प्रेम विवाह के एक वर्ष बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता मधु सूर्यवंशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मधु का शव घर के भीतर गमछे के सहारे फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मधु ने करीब एक साल पहले अरुण सूर्यवंशी से प्रेम विवाह किया था और तभी से ससुराल अमरैयापारा में रह रही थी। करीब सुबह 10:30 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद हेड कांस्टेबल मोहन साहू मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक विवेचना की।

चूंकि मामला नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से जुड़ा है, इसलिए आगे की कार्रवाई मृतका के मायके वालों की उपस्थिति में की जाएगी। जांजगीर-चांपा जिले के खोखरा में रहने वाले मधु के परिजनों को सूचना दे दी गई है। एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट उनके बयान दर्ज करेंगे, जिसके बाद पोस्टमार्टम तथा विस्तृत जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।