सोनगुड़ा डकैती कांड : तीन और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 22 आरोपी पुलिस हिरासत में

कोरबा। सोनगुड़ा के तराईडांड में 11 नवंबर की रात हुई सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पाली थाना क्षेत्र से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके कब्जे से 1070 रुपये नकद तथा कुछ हथियार बरामद हुए हैं। इस नई गिरफ्तारी के बाद इस कांड में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 22 हो गई है।
गौरतलब है कि 11 नवंबर की रात कई गाड़ियों में आए नकाबपोश डकैतों ने शत्रुघ्न दास के घर में घुसकर घर वालों को हथियार के बल पर बंधक बनाया था। उन्हें गलत सूचना मिली थी कि घर में एक करोड़ रुपये रखे हैं। डकैत डेढ़ लाख रुपये नकद और करीब 10 लाख रुपये के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस की पांच विशेष टीमों ने लगातार छापेमारी की। पहले चरण में 19 आरोपियों को पकड़ा गया था और लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा, हथियार तथा वारदात में इस्तेमाल कई वाहन बरामद किए गए थे। बचे हुए फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, जिसके परिणामस्वरूप अब तीन और आरोपी पकड़े गए।
नवीनतम गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भादंवि की नई धारा 310(2), 310(4), 61 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इन गिरफ्तारियों के बाद डकैती की पूरी साजिश लगभग स्पष्ट हो चुकी है और मामले की सभी कड़ियां तेजी से जुड़ रही हैं। शेष बचे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।