कोरबा, कुसमुंडा क्षेत्र के इमलीछापर भुट्टा चौक के पास मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने गलत साइड से मुड़ते हुए सीधे आती बाइक पर चढ़ने की कोशिश की। बाइक सवार दो युवकों की जान बाल-बाल बची, लेकिन उनकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, विनोद साहू अपने दोस्त अनिल मरावी के साथ बाइक से भुट्टा चौक की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रहा ट्रेलर अचानक गलत दिशा में मुड़ा और सीधे उनके ऊपर चढ़ने की स्थिति बन गई। विनोद ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाया और बाइक को साइड में खींच लिया। इससे दोनों युवक तो सुरक्षित बच गए, लेकिन ट्रेलर ने उनकी बाइक को कुचल दिया। मौके पर मौजूद लोग यह दृश्य देखकर सन्न रह गए।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पिछले कई महीनों से इमलीछापर भुट्टा चौक की स्थिति बेहद खराब है। यहां आए दिन भारी वाहन लापरवाही से चलते हैं और हादसे का खतरा बना रहता है।
लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बार-बार शिकायत और प्रदर्शन के बावजूद चौक पर कोई स्थायी सुधार नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों का उदासीन रवैया कभी न कभी कोई बड़ा हादसा करवाएगा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामला दर्ज कर लिया है।








