कोरबा : अवैध रेत खनन व शासकीय भूमि पर कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2 ट्रैक्टर-ट्राली, जेसीबी व टिप्पर जप्त

कोरबा, जिला प्रशासन द्वारा अवैध रेत खनन, परिवहन तथा शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे एवं मिट्टी पटाई पर सख्ती से अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर एसडीएम पाली रोहित सिंह के मार्गदर्शन में नायब तहसीलदार सुजीत कुमार पाटले के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई ग्राम पोड़ी में की गई, जहां अवैध रूप से रेत का खनन कर ट्रैक्टर-ट्राली से परिवहन किया जा रहा था। मौके पर पहुंची टीम ने 2 ट्रैक्टर-ट्राली को जप्त कर थाना पाली को सुपुर्द कर दिया।
दूसरी कार्रवाई हरदीबाजार तहसील अंतर्गत ग्राम बांधाखार में की गई। यहां शासकीय भूमि पर बिना अनुमति मिट्टी पटाई का कार्य चल रहा था। राजस्व टीम ने मौके से एक जेसीबी मशीन और एक टिप्पर वाहन को जब्त कर थाना हरदीबाजार को सौंप दिया।
एसडीएम पाली रोहित सिंह ने चेतावनी दी है कि अनुविभाग में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, रेत या अन्य खनिजों का अवैध खनन एवं परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।