कोरबा नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने अभियान शुरू, ठेले-दुकानदारों को 24 घंटे का अल्टीमेटम

कोरबा, शहर के मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए कोरबा नगर निगम ने सख्त तेवर अपनाए हैं। बुधवार को नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवारी मेन रोड से घंटाघर चौक तक सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान और ठेले लगाने वालों को चेतावनी दी कि 24 घंटे के अंदर अपना सामान हटा लें, अन्यथा जब्ती के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने कंबल, कपड़े, फूल, दूध और मोबाइल एक्सेसरीज बेचने वाले फुटपाथी व्यापारियों को पहले मौखिक चेतावनी दी और फिर लिखित नोटिस थमा दिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर के सौंदर्यीकरण पर डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सड़क किनारे ठेले और दुकानें लगने से न सिर्फ सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि यातायात भी बाधित हो रहा है। घंटाघर चौक के पास वाहन सड़क पर ही खड़े करने से जाम की स्थिति बन रही है।
निगम ने स्पष्ट किया कि अब मौखिक चेतावनी का दौर खत्म हो चुका है और अब सख्ती से अतिक्रमण हटाया जाएगा। आने वाले दिनों में शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।