कोरबा, गेवरा ओपनकास्ट खदान क्षेत्र में बुधवार को संयुक्त केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने केंद्र सरकार की चार नई श्रम संहिताओं के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। श्रमिक चौक पर सैकड़ों मजदूरों ने काले झंडे और काली पट्टी बांधकर सरकार के फैसले का पुरजोर विरोध जताया।
श्रमिकों ने “मजदूर-विरोधी श्रम कानून वापस लो” के नारे लगाते हुए चेतावनी दी कि ये संहिताएं लागू हुईं तो मजदूरों के अधिकार, नौकरी की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा पूरी तरह खत्म हो जाएगी। संगठनों ने कहा कि पूरे देश में आज खदानों और कारखानों के गेट पर मजदूर एक स्वर में यही संदेश दे रहे हैं कि चारों नए श्रम कानून उन्हें किसी भी कीमत पर मंजूर नहीं हैं।
श्रमिक नेताओं ने सरकार को कड़ा संदेश दिया कि मजदूर हितों की लगातार अनदेखी बंद की जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








