कोरबा। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर मिले दो पुरुषों के शवों ने सनसनी फैला दी है। करतला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत औराई के पास खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का अधजला शव बरामद हुआ। शव की स्थिति गंभीर रूप से क्षत-विक्षत होने के कारण हत्या की आशंका प्रबल मानी जा रही है।
सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण कराया जा रहा है। मृतक की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सतनाम नगर का है, जहां टायरों के बीच एक युवक का शव मिला। युवक के शरीर पर नीला लोवर था और शरीर पर धूल-मिट्टी जमी थी, जिससे अनुमान है कि शव कई घंटों से वहीं पड़ा था। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है।
दोनों मामलों में मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही दोनों मौतों का सच सामने आएगा और इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








