कटघोरा में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नया बस स्टैंड सहित मुख्य मार्ग हुए मुक्त

कोरबा, कटघोरा में लंबे समय से जाम और दुर्घटनाओं की वजह बन रहे अतिक्रमण को आखिरकार प्रशासन ने जड़ से खत्म कर दिया। सोमवार को नया बस स्टैंड, अम्बिकापुर मार्ग, बिलासपुर मार्ग और कोरबा मार्ग समेत व्यस्त इलाकों में बुलडोजर चलाकर स्थायी अवैध निर्माण ढहा दिए गए।
नगर पालिका द्वारा पहले नोटिस दिए जाने के बावजूद लोगों द्वारा अतिक्रमण न हटाने पर यह कार्रवाई की गई। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने भी सडक़ सुरक्षा के मद्देनजर पालिका को पत्र लिखा था। लगभग चार घंटे चली इस कार्रवाई का नेतृत्व एसडीएम तन्मय खन्ना, टीआई धर्मनारायण तिवारी और सीएमओ मुद्रिका तिवारी ने किया।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित लोगों ने स्थानीय नेताओं को जमकर खरी-खोटी सुनाई और राजनीतिक संरक्षण का आरोप लगाया। प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से अब सडक़ें चौड़ी हो गई हैं और जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।