कोरबा/कटघोरा। नशा फिर एक परिवार का दुश्मन बन गया। कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान सिलयारीपारा गांव में लंबे समय से शराब की लत और घरेलू हिंसा का शिकार हो रही एक महिला ने आखिरकार हद पार कर दी। गुरुवार देर रात पति की बर्बर पिटाई से अपनी जान बचाने के लिए पत्नी ने पत्थर के जाता से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक मनहरण यादव (40) पिछले कई सालों से शराब का आदी था। ग्रामीणों के अनुसार वह रोज नशे में धुत्त होकर घर आता और पत्नी कविता यादव (37) पर शक-शिकायत के साथ मारपीट करता था। घटना वाली रात भी शराब पीकर मनहरण ने कविता को बुरी तरह पीटा। जान पर खतरा महसूस होने पर कविता ने आत्मरक्षा में पास पड़े भारी पत्थर के जाता से पति के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों से मनहरण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पूरी रात शव कमरे में पड़ा रहा। सुबह पड़ोसियों को घटना का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी फॉरेंसिक टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। हत्या में इस्तेमाल पत्थर का जाता बरामद कर लिया गया। आरोपी पत्नी कविता यादव को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि दंपती के बीच शराब की लत, चरित्र पर शक और रोजाना होने वाला झगड़ा मुख्य वजह थी। कविता ने आत्मरक्षा में वार करने का दावा किया है, जिसकी गहराई से जांच की जा रही है।
घटना से गांव में दहशत और मातम है। लोग कह रहे हैं कि अगर समय रहते नशे की लत और घरेलू हिंसा पर काबू पाया जाता तो शायद एक जिंदगी बच जाती और एक परिवार बर्बाद होने से बच जाता। पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है।








