कोरबा। धान खरीदी सीजन के बीच प्रशासन अवैध भंडारण और खरीदी पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में तहसील पाली क्षेत्र के ग्राम मादन में स्थित व्यापारी शुभम अग्रवाल पिता नरेन्द्र अग्रवाल की दुकान और गोदाम में राजस्व विभाग की टीम ने दबिश देकर बड़ी मात्रा में धान जप्त किया।
दबिश के दौरान टीम ने कुल 1500 बोरी (लगभग 600 क्विंटल) धान बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18 लाख बताई जा रही है। गोदाम क्रमांक 01 और 02 से 520 क्विंटल पतला धान तथा 80 क्विंटल मोटा धान जब्त कर गोदाम को सील कर दिया गया। धान को मंडी अधिनियम के तहत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। बरामद धान को सुपुर्दगी में शुभम अग्रवाल को दिया गया है।
इसके अलावा, पाली तहसील में अब तक 1011 क्विंटल अवैध धान जप्त किया जा चुका है।
एसडीएम रोहित सिंह ने कहा कि अवैध भंडारण और खरीदी के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी।
दबिश में तहसीलदार पाली भूषण सिंह मंडावी, नायब तहसीलदार सुश्री राशिका अग्रवाल, हल्का पटवारी, खाद्य निरीक्षक रविराज पाली, मंडी उपनिरीक्षक दिनेश कुमार और आकाश भारद्वाज कटघोरा की संयुक्त टीम शामिल रही।
जिले में कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर पूर्व में भी कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई कर अवैध धान जप्त किया जा चुका है।








