कोरबा। कटघोरा वनमंडल में हाथियों के बढ़ते उत्पात के बीच रविवार शाम एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। पसान रेंज के गोलबहरा के भर्रापारा में 80 वर्षीय आदिवासी महिला इंद्रा कंवर को हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद दूसरी महिला समय रहते सतर्क हुई और भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम लगभग 6.25 बजे इंद्रा कंवर अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित बाड़ी में धान साफ कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक हाथी के आने की आहट सुनाई दी। खतरा भांपते हुए वह घर की ओर भागने लगीं, लेकिन तभी हाथी ने उन्हें पीछे से आ घेरा और बुरी तरह कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
कटघोरा डीएफओ कुमार निशांत ने बताया कि घटना के समय वहां मौजूद दूसरी महिला किसी तरह भाग निकली। विभागीय टीम सूचना मिलते ही पहुंची और पूरे क्षेत्र का मुआयना किया। प्रारंभिक जांच में पसान बीट क्षेत्र में दो हाथियों के सक्रिय होने की पुष्टि हुई है—एक मरवाही की ओर से और दूसरा जटगा की ओर से बीती रात ही यहां पहुंचा है।
एसएफओ ने लोगों से अपील की है कि शाम ढलने के बाद जंगल या खेतों के आसपास न जाएं और हाथियों के गतिविधि क्षेत्र से दूर रहें। विभाग ने घटनास्थल के आसपास निगरानी बढ़ा दी है।
इंद्रा कंवर के शव का पंचनामा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सोमवार को की जाएगी।
परिवार को मिलेगा 6 लाख मुआवजा
वन्यप्राणियों के हमले में मौत की स्थिति में राहत राशि को सरकार ने 4 लाख से बढ़ाकर 6 लाख रुपये कर दिया है। इसी अनुसार इंद्रा कंवर के परिवार को अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। फौरी राहत के रूप में वन विभाग द्वारा 25 हजार रुपये परिवार को दिए जा रहे हैं।








