पोड़ी-उपरोड़ा में गोदाम में भीषण आग, रिपेयरिंग के लिए रखी 25 बाइक जलकर खाक

कोरबा। एनएच-130 पर स्थित पोड़ी-उपरोड़ा में रविवार सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई, जिसमें बाइक रिपेयरिंग के लिए बनाए गए गोदाम में रखी 25 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, हालांकि प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

घटना सुबह लगभग 9.30 बजे की बताई जा रही है। पोड़ी-उपरोड़ा मुख्य मार्ग पर संचालित ईश्वर ऑटोमोबाइल के बगल में मालिक द्वारा पुरानी और रिपेयरिंग के लिए आई गाड़ियों को रखने हेतु एक गोदाम बनाया गया था। रविवार सुबह अचानक गोदाम से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, क्योंकि उन्हें उसके फैलाव से आसपास के क्षेत्रों में संभावित खतरे का अंदेशा था। सूचना मिलने पर कटघोरा नगर पालिका और एरिकेशन विभाग की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

दुकान संचालक ने घटना की खबर बांगो थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने स्थल निरीक्षण किया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच करने की बात कही है।