कोरबा ,छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल देखने को मिली है। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र के रूप में जाने जाने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा एवं पंडो समुदाय की बस्तियों में खुजली (स्केबीज़) के व्यापक प्रकोप की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम, जिसमें मुख्य रूप से एल. आर. गौतम एवं श्रीमती आर. बी. गौतम शामिल थे, तथा उप स्वास्थ्य केंद्र देवपहरी की टीम के मधुसूदन यादव ने सोनारी एवं जामभाठा गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। यह शिविर खंड चिकित्सा अधिकारी के समन्वय एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

शिविर में कुल 42 लोगों का इलाज किया गया। अधिकांश मरीज स्केबीज़ (खुजली) रोग से पीड़ित थे, जो एक संक्रामक त्वचा रोग है। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को उचित दवाइयां वितरित कीं तथा रोग के प्रसार को रोकने के लिए परहेज एवं स्वच्छता संबंधी सलाह दी। साथ ही, मौसमी बीमारियों से बचाव, ठंड से सुरक्षा तथा संतुलित खान-पान पर ध्यान देने की जानकारी भी प्रदान की गई।
यह पहल दुर्गम जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य टीम की इस पहल की सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे शिविरों का आयोजन आगे भी जारी रहेगा ताकि विशेष पिछड़ी जनजातियों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें।








