पीएमजीएसवाई के तहत कोरबा जिले की सड़कों का नियमित संधारण, 25 सड़कें संधारण अवधि में; 65 को मिला नवीनीकरण अनुमोदन

कोरबा। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अंतर्गत जिले में निर्मित, नवीनीकृत एवं संधारित सभी सड़कों का रख-रखाव नियमित रूप से और निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार वर्ष 2023-24 से 2025-26 की अवधि में नवीन निर्माण के बाद संधारण अवधि में आने वाली कुल 25 सड़कें शामिल हैं, जिन पर लगातार संधारण कार्य किया जा रहा है।

संधारण पखवाड़ा वर्ष 2023-24 के दौरान जिले में 270 सड़कों का संधारण कार्य पूर्ण किया गया, जबकि वर्ष 2024-25 के संधारण पखवाड़ा में अब तक 95 सड़कों का संधारण पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा जिले की अन्य सड़कों पर संधारण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है।

वर्ष 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 के लिए नवीनीकरण हेतु सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए थे, जिनमें से 65 सड़कों को स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। निरस्त सड़कों में से 9 सड़कों को वर्ष 2026-27 की प्राथमिकता सूची में पुनः प्रस्तावित किया गया है, जबकि शेष 8 सड़कों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के सुदृढ़ीकरण मद के अंतर्गत 444 सड़कों की सूची में शामिल कर उच्च कार्यालय को स्वीकृति हेतु भेजा गया है, जिसकी मंजूरी अभी अपेक्षित है।

विभाग द्वारा संधारण अवधि में आने वाली सभी सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। अमलडीहा से नवापारा सड़क का नवीनीकरण कार्य 31 जनवरी 2021 को पूर्ण हुआ था, जिसकी संधारण अवधि 31 जनवरी 2026 तक मान्य है और वर्तमान में इस सड़क पर संधारण कार्य जारी है। वहीं सोहागपुर से पटियापाली (सोहागपुर से मुकुन्दपुर) सड़क का नवीनीकरण 30 जून 2019 को पूरा हुआ था, जिसकी संधारण अवधि 30 जून 2024 को समाप्त हो चुकी है। उक्त सड़क को अधीक्षण अभियंता, परियोजना मंडल बिलासपुर के पत्र दिनांक 07 फरवरी 2025 के अनुसार विधिवत अधिपत्य में ले लिया गया है।

कार्यपालन अभियंता, परियोजना क्रियान्वयन इकाई कोरबा ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले की सभी सड़कों का रख-रखाव, नवीनीकरण एवं निरीक्षण कार्य निर्धारित मानकों, प्रक्रियाओं और गुणवत्ता नियंत्रण के अनुरूप किया जा रहा है। संधारण अवधि में आने वाली सभी सड़कों पर लगातार कार्यवाही जारी है तथा जहां कार्य शेष है, वहां कार्य प्रगति पर है या स्वीकृति की प्रतीक्षा की जा रही है।