कोरबा। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। अब चोरी की घटनाएं सिर्फ घरों तक सीमित नहीं रह गई हैं, बल्कि बाहरी स्थानों, स्कूलों और आवासीय परिसरों को भी निशाना बनाया जा रहा है। इसके बावजूद चोरों की धरपकड़ अपेक्षाकृत कमजोर नजर आ रही है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा और दहशत का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ बड़े कबाड़ियों की दुकानें संरक्षण में संचालित हो रही हैं। घरेलू कबाड़ की आड़ में चोरी का लोहा, तांबा, पीतल, एल्युमिनियम और यहां तक कि सरकारी संपत्ति का लोहा भी इन कबाड़ियों के यहां बेचा जा रहा है। इसी कारण ऐसे सामानों की चोरी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अवैध कबाड़ का कारोबार बंद है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग बताई जा रही है। थाना सूत्रों के अनुसार कुछ क्षेत्रों में अधीनस्थों और मैदानी जानकारों के संरक्षण में अवैध कबाड़ का कारोबार अब भी फल-फूल रहा है।
नशे की आपूर्ति और कबाड़ियों के लिए काम करने वाले चोरों के बढ़ते आतंक से जिले में दहशत का माहौल है। चोरी की इसी कड़ी में दर्री थाना क्षेत्र के एचटीपीएस आवासीय परिसर अंतर्गत अलकनंदा विहार में बड़ी वारदात सामने आई है। यहां मकान क्रमांक एफ-9 निवासी पत्रकार अजय राय के घर 6 जनवरी की रात करीब 1 बजे आंगन में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल से नंबर प्लेट, हेडलाइट, हॉर्न सहित कई महंगे पार्ट्स चोरी कर लिए गए। पास में स्थित ऑटो पार्ट्स दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्ध युवक कैद हुए हैं। घटना की लिखित शिकायत दर्री थाने में दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
इसी तरह आवासीय परिसरों और विद्युत संयंत्र के भीतर भी चोरी की घटनाएं लगातार जारी हैं, जिससे पुलिस पेट्रोलिंग पर सवाल उठने लगे हैं। थाना सूत्रों का कहना है कि कुछ मैदानी लोग क्षेत्र के कबाड़ियों को संरक्षण दे रहे हैं।
कोरबा शहर के एमपी नगर कॉलोनी में भी घर के बाहर खड़ी कार से चोरी का प्रयास सामने आया है। रात के समय चोरों ने कार की हेडलाइट सहित अन्य पार्ट्स चोरी करने की कोशिश की, जिसकी हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
वहीं सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पुरानी बस्ती इलाके में साइकिल चोरों की सक्रियता बढ़ गई है। आदिले चौक के पास सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो किशोर नजर आ रहे हैं, जिनमें से एक मौका देखकर घर के सामने खड़ी साइकिल लेकर फरार हो जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस तरह की घटनाओं का शिकार और भी कई लोग हो चुके हैं।
लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से आमजन में भय का माहौल है। लोग पुलिस से रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने और अवैध कबाड़ के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।








