कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत खपराभट्टा रिहायशी इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मकान निर्माण कार्य के दौरान 132 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के दौरान हुई तेज स्पार्किंग से निर्माण स्थल पर रखे घरेलू सामान में भी आग लग गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खपराभट्टा क्षेत्र में एक अधिवक्ता द्वारा मकान निर्माण कराया जा रहा था, जहां मजदूर काम कर रहे थे। निर्माण स्थल के समीप से गुजर रही 132 केवी हाईटेंशन लाइन के बेहद नजदीक काम करने के दौरान असावधानीवश मजदूरों का आंशिक संपर्क विद्युत तार से हो गया। इससे दोनों मजदूर करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।
घटना के दौरान तारों के आपसी घर्षण से तेज स्पार्किंग हुई, जिससे नीचे आग लग गई। आग की चपेट में आने से निर्माणाधीन मकान में रखा कुछ घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि झुलसे दोनों मजदूरों को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।








