धान खरीदी केंद्र में घुसा हाथी, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

कोरबा। जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक जंगली हाथी केंद्र परिसर में पहुंच गया। हाथी के दिखाई देते ही केंद्र में मौजूद कर्मचारियों और ग्रामीणों में डर और दहशत का माहौल बन गया। धान को नुकसान से बचाने के लिए कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी कुछ देर तक धान खरीदी केंद्र के आसपास घूमता रहा। उसके आक्रामक रुख को देखते हुए किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। हालांकि, कर्मचारियों की सूझबूझ और आपसी सहयोग से हाथी को सुरक्षित रूप से केंद्र से दूर जंगल की ओर भेज दिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार हाथी धान खरीदी केंद्र में पहुंच चुके हैं और धान खाकर वापस जंगल की ओर लौट जाते हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से कर्मचारियों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

खबर लिखे जाने तक किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है। ग्रामीणों और केंद्र कर्मचारियों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की आवाजाही को रोकने के लिए ठोस और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।