कोरबा। दीपका थाना क्षेत्र में नाइट चेकिंग के दौरान CISF जवानों पर जानलेवा हमला करने और सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लोकसेवक की हत्या का प्रयास व शासकीय ड्यूटी में तैनात वाहनों को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार CISF के सहायक कमांडेंट 11 जनवरी 2026 की रात दीपका एरिया में नाइट चेकिंग पर थे। 11-12 जनवरी की मध्य रात्रि करीब 1 बजे एसीबी क्रॉसिंग पर तैनात प्रधान आरक्षक को एक संदिग्ध सफेद बोलेरो (क्रमांक CG 12 BM 5447) के रेलवे साइडिंग की ओर जाने की सूचना मिली। सूचना पर सहायक कमांडेंट बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।
इस दौरान 35 नंबर वेट ब्रिज और एसीबी क्रॉसिंग के बीच झाड़ियों में हलचल दिखाई दी। जैसे ही CISF जवान उस ओर बढ़े, झाड़ियों से सफेद बोलेरो तेज रफ्तार में निकलकर जवानों की ओर आई और उन्हें कुचलकर जान से मारने का प्रयास किया। जवानों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। बोलेरो को रोकने के प्रयास में सहायक कमांडेंट की स्कॉर्पियो (CG 11 BR 1900) को भी टक्कर मारी गई, इसके बावजूद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए।
पीछा करने के दौरान QRT की बोलेरो (CG 11 BR 4728) भी मौके पर पहुंची। बैरियर नंबर GN-08 के पास मुख्य सड़क पर सफेद बोलेरो को घेर लिया गया। इसी दौरान बोलेरो से उतरे चार आरोपियों ने लोहे की रॉड से स्कॉर्पियो के शीशे तोड़े और चालक व प्रधान आरक्षक पर हमला करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने QRT वाहन को टक्कर मारते हुए दीपका मार्केट की ओर थाना चौक होते हुए फरार हो गए।
भिड़ंत के दौरान हमलावरों में से दो आरोपी एक-दूसरे को ‘नाजिर’ और ‘सालिक’ कहकर पुकारते सुने गए, जिन्हें कुख्यात डीजल चोर बताया जा रहा है। घटना में CISF की दोनों सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद रेलवे साइडिंग एरिया की तलाशी लेने पर झाड़ियों से एसईसीएल दीपका खदान से चोरी किया गया 35-35 लीटर डीजल से भरी तीन केन, कुल 105 लीटर डीजल बरामद किया गया।
दीपका थाना में CISF निरीक्षक/कार्य के.के. मधुकर की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5), 303(2), 324(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।








