कोरबा।कोरबा में कबाड़ गिरोह की गतिविधियां एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं। सिंचाई विभाग द्वारा ढोढ़ीपारा क्षेत्र में नहर पर बनाए गए लोहे के पुल को गैस कटर से काटकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। इस संगठित चोरी की घटना में कुल 15 आरोपियों की भूमिका सामने आई है, जिनमें से शेष की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना दो दिन पूर्व सीएसईबी के रशियन हॉस्टल के पास बहने वाली बायीं तट नहर पर घटित हुई। कबाड़ गिरोह के सदस्यों ने नहर पर बने लोहे के पुल और रेलिंग को काटकर उसका कुछ हिस्सा पार कर लिया, जबकि कुछ सामग्री हड़बड़ी में मौके पर ही गिर गई, जिसे बाद में ले जाने की योजना थी।

आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 1 टाटा एस (छोटा हाथी) वाहन, 1 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन तथा 6,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। वहीं आरोपियों की निशानदेही पर लगभग 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग भी जब्त की गई है।
घटना को लेकर क्षेत्र के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने 17 जनवरी को चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग को अज्ञात चोरों ने गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया है।
इस मामले में चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 53/2026, धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
पुलिस द्वारा गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और सतत पतासाजी के आधार पर कुल 15 आरोपियों की पहचान की। इनमें से लोचन केवट (20), जयसिंह राजपूत (23), मोती प्रजापति (27), सुमित साहू (19) और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर (22) को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि शेष फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








