कोरबा।जिले में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों का कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गुरुवार को सीएसईबी ग्राउंड पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच एवं बैठक व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग, झांकियों की एंट्री-एक्जिट योजना तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी तैयारियां तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा बताया कि 24 जनवरी को समारोह की अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाएगी।
कलेक्टर ने निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को आयोजन स्थल पर मंच निर्माण सहित समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों के प्रभारियों को अपने-अपने कार्यालय भवनों में समय से प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा गया।
गणतंत्र दिवस परेड में सीआईएसएफ, पुलिस, नगर सेना, एनसीसी एवं स्काउट-गाइड की टुकड़ियां शामिल होंगी। समारोह सुबह 9 बजे प्रारंभ होगा, जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के छत्तीसगढ़वासियों के नाम संदेश का वाचन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, डॉक्टरों, पुलिस एवं स्वास्थ्य कर्मियों सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय समारोह में विभिन्न विभागों की योजनाओं पर आधारित चलित झांकियों का भी प्रदर्शन होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








