अपर आयुक्त सहित निगम के अधिकारी कर्मचारियों ने दी सहभागिता
कोरबा। स्वच्छता महाअभियान के सातवें दिन निगम के वार्ड 5 व 17 में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित की गई। वृहद पैमाने पर साफ-सफाई के कार्य, कचरे का उठाव व परिवहन एक अभियान के रूप में किया गया तथा इन वार्डो के विभिन्न मोहल्लों व बस्तियों में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं अपर आयुक्त विनय मिश्रा ने अधिकारियों की टीम के साथ बस्तियों का भ्रमण करते हुए साफ-सफाई कार्यो का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
1 फरवरी को नगर पालिक निगम कोरबा के वार्ड 5 धनुवारपारा एवं वार्ड 17 पथर्रीपारा के विभिन्न मोहल्लों, सडक़ों, आवासीय क्षेत्रों, गलियों आदि में मेगा स्वच्छता ड्राईव संचालित कराई गई, इस दौरान नालियों की सफाई, सडक़ों की सफाई व सडक़ों के किनारे की बर्म, झाडिय़ों आदि की सफाई, धूल मिट्टी आदि की सफाई का कार्य करते हुए कचरे का उठाव व परिवहन के कार्य एक अभियान के रूप में किए गए।
इस अवसर पर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, कार्यपालन अभियंता ए.के.शर्मा, विनोद शांडिल्य, भूषण उरांव, वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक सुनील वर्मा, सचिन्द्र थवाईत, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा, अभय मिंज, विनोद गोंड़, पीयूष राजपूत सहित अन्य अधिकारी कर्मचारियों ने अपनी सहभागिता प्रदान की।








