मंत्री लखन लाल देवांगन ने भूपेश बघेल और कांग्रेस पर साधा निशाना, कोल ब्लॉक और घोटालों के आरोपों का किया पर्दाफाश

कोरबा, 22 जुलाई 2025: छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा के टीपी नगर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचारियों को बचाने और कोल ब्लॉक आवंटन में अनियमितताओं के आरोप लगाए, साथ ही दस्तावेजों के जरिए कांग्रेस के दावों का खंडन किया।

मंत्री देवांगन ने कहा कि भूपेश बघेल ने अपने बेटे चैतन्य बघेल के लिए पूरी कांग्रेस को “पुत्र मोह में झोंक दिया” है। उन्होंने सवाल उठाया कि चैतन्य बघेल कांग्रेस में किस पद पर हैं, जो उनके लिए पूरे प्रदेश में प्रदर्शन की बात की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल अपने कारनामों को छिपाने के लिए गलत दिशा में ले जा रहे हैं, जिससे प्रदेश की जनता को आर्थिक नुकसान और परेशानी हो रही है।

देवांगन ने कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करते हुए कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने कोल परिवहन को ऑनलाइन से ऑफलाइन कर अवैध वसूली को बढ़ावा दिया था। वहीं, भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के दो महीने बाद 7 फरवरी 2024 को कोल परिवहन को पुनः ऑनलाइन कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया। उन्होंने शराब, कोयला, चावल, गोठान और पीएससी घोटालों में भूपेश बघेल सरकार की लूट का जिक्र करते हुए कहा कि इन घोटालों के आरोपी अब एक-एक कर जेल जा रहे हैं।

मंत्री ने कोल ब्लॉक आवंटन पर कांग्रेस की नीतियों की आलोचना करते हुए बताया कि 2010 में कांग्रेस की केंद्र सरकार ने हसदेव अरण्य को नो-गो जोन घोषित किया था, लेकिन तत्कालीन पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने इसे गो एरिया बनाया। 23 जून 2011 को तारा परसा ईस्ट और केते बासन कोल ब्लॉक खोलने का प्रस्ताव भी कांग्रेस सरकार के दौरान आया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भूपेश बघेल के मुख्यमंत्री कार्यकाल में 16 अक्टूबर 2019 को पर्यावरण स्वीकृति और 31 मार्च 2021 को गारे पेलमा सेक्टर-2 के लिए समझौता हुआ। साथ ही, 19 अप्रैल 2022 और 23 जनवरी 2023 को वन स्वीकृति के लिए सिफारिशें भेजी गईं।

देवांगन ने कहा कि कांग्रेस “चोरी और सीनाजोरी” का उदाहरण पेश कर रही है। उन्होंने भूपेश बघेल से सवाल किया कि क्या वह अब अपने घर और राजीव भवन की बिजली बंद करेंगे, जैसा कि वह कोल ब्लॉक का विरोध करने वालों को कहते थे। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पार्षद अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन सहित अन्य नेता मौजूद रहे।