डीजे के बटन और बोर्ड तोड़ने के विवाद में मारपीट, दो पक्षों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला

कोरबा, 22 जुलाई 2025: कोरबा के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर डिपरापारा में डीजे के बटन और बोर्ड तोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मारपीट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, डिपरापारा निवासी सुनीता टंडन ने अपनी बहन के जन्मदिन के लिए सोनू डीजे को किराए पर लिया था। डीजे के नट गिरने को लेकर गीता देवी सैनी ने 500 रुपये की मांग की। सुनीता ने रुपये बाद में देने की बात कही, जिसके बाद गीता देवी, उनके भाई, देवर और अन्य लोगों ने कथित तौर पर सुनीता पर हाथ, मुक्का, लोहे की पाइप और डंडे से मारपीट की।

वहीं, गीता देवी सैनी ने आरोप लगाया कि सुनीता टंडन, उनकी बहन और भाई सनी ने उनके साथ हाथ, मुक्का से मारपीट की और बाल पकड़कर खींचा। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने उभयपक्ष के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज किया है और विवेचना प्रारंभ कर दी है।