बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित एनटीपीसी सीपत प्लांट में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट के यूनिट नंबर-5 में एयर फ्री फिल्टर का प्लेटफार्म अचानक ढह जाने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 5 संविदा श्रमिकों के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मलबे में और लोगों के दबे होने की संभावना है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने का खतरा बना हुआ है। रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है और स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया, “यह सुरक्षा दुर्घटना यूनिट नंबर-5 में हुई, जिसमें 5 संविदा श्रमिक घायल हुए हैं। सभी का समुचित उपचार किया जा रहा है। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच पूरी होने पर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।”
यह हादसा प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाता है। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और समय-समय पर आवश्यक निरीक्षण की कमी इस तरह के हादसों का प्रमुख कारण बन रही है। एनटीपीसी प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन स्थानीय लोग और श्रमिक संगठन इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और अधिकारियों की निगरानी में मामले की गहन जांच की जा रही है।








