तनेरा गांव में जंगली हाथी का हमला, किसान की मौत, ग्रामीणों में दहशत

कोरबा, 23 सितंबर: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के तनेरा गांव में रविवार देर रात एक जंगली हाथी के हमले में 35 वर्षीय किसान धन सिंह गोड की मौत हो गई। धन सिंह अपने पिता के साथ खेती का काम करता था और परिवार का मुख्य कमाने वाला था। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, और ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, झुंड से बिछड़ा एक हाथी रात के समय गांव में घुस आया। धन सिंह को हाथी की मौजूदगी का पता नहीं चला, और सामना होने पर हाथी ने उसे कुचल दिया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। पसान रेंजर मनीष सिंह ने बताया कि झुंड से अलग हुए हाथी अधिक आक्रामक हो जाते हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथी उनकी फसलों और मकानों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। डर के कारण उन्हें रातभर जागना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे गांव छोड़ने को मजबूर होंगे। मृतक के परिवार को सरकार की ओर से 25,000 रुपये की तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है।
कोरबा जिले में 54 हाथियों का एक झुंड सक्रिय है, जिसके कारण 85 से अधिक गांव प्रभावित हैं। वन विभाग फसलों के नुकसान का सर्वे कर रहा है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए मुनादी करा रहा है।