:
कोरबा,छुरी मुख्य मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गिट्टी से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक का केबिन पूरी तरह जाम हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने तुरंत एकजुट होकर केबिन का दरवाजा तोड़कर ड्राइवर को सकुशल बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के पलटते ही जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। ट्रक का डाला सड़क किनारे बने एक मकान के ठीक सामने गिरा, जिससे घर में रहने वाले परिवार के लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि ट्रक पूरी तरह मकान पर नहीं गिरा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
ड्राइवर को केवल मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद कुछ देर तक मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस और निर्माण एजेंसी के अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। प्रारम्भिक जांच में ट्रक के अनबैलेंस होने और ओवरलोडिंग की आशंका जताई जा रही है।








