कोरबा-दीपका में 24 घंटे में तीन की दर्दनाक मौत, टायर फटने, वाहन की टक्कर और ट्रेन के आगे कूदकर गई जान

कोरबा/दीपका, जिले में गुरुवार देर शाम से शुक्रवार सुबह तक तीन अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
पहला हादसा गेवरा हेलीपैड के पास सोनू टायर दुकान पर हुआ। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बहराटोला निवासी 45 वर्षीय ट्रक मालिक-चालक राजेंद्र यादव दीपका खदान से कोयला लोड करने आए थे। कोयला लोडिंग से पहले ट्रक के टायर में हवा भरवा रहे थे कि अचानक टायर फट गया। धमाके से राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा भारतमाला परियोजना के पास हुआ। सीतामणी कुम्हार बस्ती कोरबा निवासी नारायण खरे बलौदा बगडबरी में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने खून से लथपथ नारायण को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
तीसरी घटना दीपका थाना क्षेत्र के शक्तिनगर रेलवे कॉलोनी मोड़ के पास रेलवे ट्रैक पर हुई। एसईसीएल दीपका क्षेत्र में कार्यरत जितेंद्र तिवारी ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार जितेंद्र लंबे समय से बीमारी से परेशान थे। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या माना है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
तीनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।