कोरबा में सड़कों की बदहाली के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, बालकोनगर भदरापारा में सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतरे

कोरबा, जिले में सड़कों की जर्जर हालत को लेकर कांग्रेस का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को बालकोनगर के भदरापारा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इसके पहले गौमाता चौक, बलगीखार, रिस्दी चौक और दादरखुर्द में भी इसी मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन हो चुका है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द सड़कों की मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष नत्थूलाल यादव और वरिष्ठ नेता विकास सिंह ने कहा कि बजट की कोई कमी नहीं है, फिर भी सड़कें वर्षों से टूटी पड़ी हैं। बालकोनगर के हर मोहल्ले में गड्ढों और टूटी सड़कों से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय पार्षद कृपाराम साहू ने तंज कसते हुए कहा, “त्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद कई जगह तो सड़कें ही गायब हो गई हैं।”
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने ऐलान किया कि सड़कों के साथ-साथ पानी, बिजली और अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर भी जल्द ही बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
कांग्रेस का दावा है कि जनता अब भाजपा सरकार की नाकामियों से तंग आ चुकी है और आने वाले दिनों में यह आंदोलन पूरे जिले में फैल जाएगा।