कोरबा। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है और प्रशासन द्वारा केंद्रों पर लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर अजीत वसंत ने पठियापाली स्थित उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया, जहां पुराने धान का भंडारण पाए जाने के साथ ही धान की नमी 10 प्रतिशत से भी कम दर्ज की गई। इस गंभीर लापरवाही पर नोडल अधिकारी रजनीश सिंह (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) और समिति प्रबंधक चंद्रशेखर कैवर्त को नोटिस जारी किया गया है। जब तक मामले का पूर्ण निराकरण नहीं होता, ऐसे धान की खरीदी रोक दी गई है।
सरकार के निर्देशानुसार धान खरीदी में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पठियापाली और लबेद उपार्जन केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की और उन्हें हमेशा सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक किसान की जानकारी ‘आवक एप्लीकेशन’ में अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में प्राकृतिक जोखिम से बचाव के लिए धान खरीदी के बाद समय पर उठाव करने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस मौके पर एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार तथा खाद्य एवं कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध धान की रोकथाम पर सख्ती
कलेक्टर ने करतला विकासखंड के सीमावर्ती ग्राम लबेद में अवैध धान की आवक रोकने हेतु बनाए गए बैरियर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देशित किया कि बैरियर पर तीन शिफ्ट में ड्यूटी सुनिश्चित की जाए और वाहनों की सघन जांच की जाए। किसी भी स्थिति में अवैध धान को प्रवेश न मिल सके। संदिग्ध मामलों में तुरंत तहसीलदार और एसडीएम को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही एक नगर सैनिक को बैरियर में ड्यूटी पर लगाने के आदेश जारी किए गए।








