अग्रसेन चौक में चोरी: तीन घंटे में दुकान का ताला टूटा, हजारों का सामान साफ

कोरबा। कोतवाली थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित अग्रसेन चौक में चोरों ने पान दुकान को निशाना बनाकर हजारों का सामान चोरी कर लिया। प्रार्थी हरीश सोनी पिता देवीदत्त सोनी, निवासी बजरंग गली अग्रसेन चौक, पेशे से जिम ट्रेनर हैं और उनकी पान दुकान अग्रसेन चौक में ही स्थित है।

हरीश ने बताया कि वह अपनी दुकान रात करीब 10 बजे बंद कर घर चला गया था। रात लगभग 1:30 बजे एक अनजान नंबर से फोन आया और पानी की बोतल देने की बात कही गई। जब वह दुकान पहुँचा तो देखा कि दुकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।

जाँच में पता चला कि दुकान से सिगरेट, लाइटर, कोल्ड ड्रिंक सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो गया है, जिसकी कुल कीमत लगभग ₹30,000 बताई जा रही है।

कोतवाली पुलिस ने हरीश सोनी की रिपोर्ट पर धारा 305(ए) एवं 331(4)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है।